इलाहाबाद (जागरण संवाददाता)। बस्तियों में खुल रही शराब की दुकानों का विरोध लगातार जारी है। सरायममरेज थाना क्षेत्र के जंघई बाजार में नाराज महिलाओं ने शनिवार दोपहर दुकानों पर धावा बोल दिया। गुस्साई महिलाओं ने भीतर रखी शराब की बोतलों को तोड़ना शुरू किया तो वहां खलबली मच गई। दुकान में आग भी लगाने की कोशिश हुई।
यह देख आसपास के लोग जमा हो गए तो महिलाएं वहां से चली गईं। कुछ देर बाद पुलिस बस्ती में पहुंची तो महिलाओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस पर पुलिस से झड़प हो गई तो महिलाओं की पिटाई होने लगी। कई महिलाएं मामूली रूप से जख्मी हो गईं तो मामला बढ़ गया। पुलिस की ज्यादती देख युवक भी बाहर निकल आए और जंघई चौकी को घेर लिया। किसी तरह नाराज लोगों को शांत कराया गया। शराब दुकानदार रामबाबू जायसवाल 10 नामजद व 20 अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। मामले की जांच हो रही है।
धूमनगंज थाना क्षेत्र के पोंगहट पुल के निकट स्थित देशी शराब के ठेके के विरोध में महिलाएं एक बार फिर सड़क पर उतर आईं। महिलाओं के साथ युवक भी दुकान के छत पर चढ़ गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। दुकान के बगल बनी बाउंड्री वाल को गिरा दिया। कुछ ही देर में वहां दुकानदार भी पहुंच गया और पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठी पटककर भीड़ को खदेड़ते हुए एक युवक को दबोच लिया।
हालांकि बाद में उसे दुकानदार के कहने पर छोड़ दिया गया। इस दुकान पर शुक्रवार भी तोड़फोड़ करते हुए आग लगाई गई थी। इसी तरह शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के नारीबारी के चंदेलपुर गांव में खोली गई शराब दुकान के विरोध में दर्जनों महिलाएं सड़क पर उतर आईं। उन्होंने दुकान बंद करने को कहा तो दुकानदार उलझ गया। इस पर महिलाओं ने पथराव शुरू किया तो खलबली मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाराज लोगों किसी तरह शांत कराया। इसके बाद दुकानदार ने अपनी दुकान स्थानांतरित करने की बात कही तो लोग मान गए। हालांकि घूरपुर, सोरांव, हंडिया और फाफामऊ समेत अन्य स्थानों पर विरोध के चलते कई दुकानें दूसरी जगह शिफ्ट कर दी गईं तो कुछ दुकानें अभी भी बंद हैं।
No comments:
Post a Comment