• Breaking News

    Tuesday, 28 March 2017

    नकल पर नकेल के लिए ऐक्शन में योगी सरकार, जारी किए हेल्पलाइन और Whatsapp नंबर

    लखनऊ/वाराणसी/मथुरा
    यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में नकल की खबरों के बाद योगी आदित्यनाथ की सरकार ऐक्शन में आ गई है। पर्चा लीक की खबरों के बाद मथुरा में 10वीं की अंग्रेजी की परीक्षा रद्द कर दी गई है। सरकार ने नकल को रोकने के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। इस सिलसिले में राज्य का माध्यमिक शिक्षा विभाग भी अपनी तैयारियों को चाक-चौबंद करता जा रहा है। यूपी सरकार ने 0522-2236760, 9454457241 हेल्पलाइन नंबर जारी कर लोगों से नकल रोकने में सहयोग की अपील की है। वहीं, सोमवार को मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी मामले की गंभीरता को समझते हुए सख्ती की बात कही थी। शिकायतों के लिए लखनऊ में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक फोन के माध्यम से शिकायतें नोट कराई जा सकती हैं।
    हाल ही में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने निदेशक माध्यमिक शिक्षा अमर नाथ वर्मा को नकलविहीन परीक्षाएं कराने के लिए समुचित कदम उठाने के निर्देश दिए थे। निदेशक वर्मा ने बताया कि लखनऊ में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, यह नंबर हर कार्यदिवस में लगातार 12 घंटे काम करेगा। नकल रहित परीक्षाएं कराने के लिए यूपी बोर्ड के अपर सचिव शिवलाल को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके वाट्सएप नंबर 9454457241 पर भी सीधे शिकायतें या सुझाव भेजे जा सकते हैं

    कंट्रोल रूम पर आई शिकायतें भी इस वाट्सएप नंबर पर भेजी जाएंगी। जिला, मंडल और मुख्यालय स्तर के अधिकारियों का एक वाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया है, जिस पर भी इन शिकायतों का डाला जाएगा, ताकि संबंधित अधिकारी उनका निराकरण कर सकें। माध्यमिक शिक्षा विभाग के उप निदेशक विकास श्रीवास्तव ने बताया कि ये दोनों नंबर चालू कर दिए गए हैं।
    हमारे सहयोगी चैनल टाइम्स नाउ से बातचीत करते हुए बीजेपी नेता विजय बहादुर पाठक ने कहा, 'हम सरकार में हैं तो हमारी जिम्मेदारी है कि इस तरह की वारदात न हो। हम व्यवस्था को ठीक करने के लिए काम कर रहे हैं। नकल का मुद्दा गंभीर है और यह लाखों बच्चों के भविष्य से जुड़ा है। सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ हम इस दिशा में काम कर रहे हैं। सरकार की तरफ से हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। वहीं, हम शिक्षकों और स्कूल प्रशासन से भी सहयोग की अपील करते हैं।'

    यूपी कांग्रेस के नेता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा, हम आठ-नौ दिन के कामकाज के आधार पर नई सरकार को दोष नहीं दे सकते। पूर्व में क्या हुआ और क्या नहीं हुआ इस पर बात करने का मतलब नहीं है क्योंकि चुनाव के बाद अब नई सरकार आ चुकी है। अखबारों टीवी में हम देख रहे हैं कि नकल की खबर लगातार आ रही है। यह गंभीर मामला है हम चाहते हैं कि सरकार इस पर नए सिरे से कार्रवाई करे।'

    सोमवार को यूपी के कई सेंटरों पर खुलेआम नकल कराने की तस्वीरें स्थानीय अखबारों के साथ सोशल मीडिया पर भी छाई रही। जिसके बाद प्रदेश सरकार ऐक्शन में आई। मथुरा के कई स्कूलों में छात्रों को सामूहिक तौर पर नकल करते हुए भी टीवी कैमरे में पकड़ा गया था।

    No comments:

    Post a Comment

    Fashion

    Beauty

    Travel