• Breaking News

    Saturday, 1 April 2017

    तंबाकू खाने पर योगी आदित्यनाथ के ड्राइवर पर लगा 500 रुपये का जुर्माना

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्राइवर को यूपी सचिवालय प्रशासन के उड़नदस्ते ने खैनी खाते पकड़ लिया और 500 रुपये का जुर्माना लगा दिया।
    लखनऊ  (जेएनएन)। सचिवालय को 'टोबैको फ्री' बनाने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अभियान की जद में उनका अपना ड्राइवर भी आ गया। सचिवालय प्रशासन के उड़नदस्ते ने ड्राइवर को खैनी (तंबाकू) खाते पकड़ लिया और बतौर जुर्माना पांच सौ रुपये की रसीद काट दी गई।
    मुख्यमंत्री दोपहर में लाल बहादुर शास्त्री भवन (एनेक्सी) में सरकारी कामकाज निस्तारित कर रहे थे, काफिले की गाड़ियां परिसर में खड़ी थीं। इसी दौरान एंटी टोबैको दस्ते ने छानबीन शुरू की, जिसमें ड्राइवर आदित्य प्रकाश को खैनी खाते हुए पकड़ लिया गया। उस पर पांच सौ रुपये का जुर्माना लगाया गया।
    ध्यान रहे, मुख्यमंत्री ने सचिवालय परिसर को टोबैको फ्री क्षेत्र बनाने का निर्देश दिया था। मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने सचिवालय प्रशासन को उड़नदस्ता बनाकर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। सचिवालय संघ के अध्यक्ष यादवेंद्र मिश्र ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे सचिवालय परिसर को साफ सुथरा बनाने में न सिर्फ मदद मिलेगी, बल्कि कर्मचारियों को तंबाकू जनित बीमारियों से बचाने में मदद भी मिलेगी। संघ भी इस अभियान में कारगार भूमिका निभाएगा।

    No comments:

    Post a Comment

    Fashion

    Beauty

    Travel